कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार ने 11 जून से महिलाओं के लिए फ्री बस सर्विस शुरू करायी

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस सरकार अपने चुनाव में किए गए वादों को साकार रूप देने में लग गई है. चुनाव में कांग्रेस ने जनता से 5 बड़े वादे किए थे, जिसे चुनाव जीतते ही पूरा करने की बात कही थी. अब कर्नाटक में सिद्धारमैया की सरकार बनने के बाद कांग्रेस अपने वादे पूरे करने में लगी है. इसी के तहत 11 जून से महिलाओं के लिए फ्री बस सर्विस ‘शक्ति योजना’ की शुरुआत की गई है. स्कीम लॉन्च के दौरान कांग्रेस विधायक रूपकला ने महिलाओं को बिठाकर खुद बस चलाई, लेकिन हड़बड़ी में उन्होंने बैक गियर लगा दिया, जिसके बाद बड़ा हादसा होते-होते बच गया.
कांग्रेस ने कर्नाटक में ‘शक्ति योजना’ के तहत महिलाओं से उनके लिए फ्री बस यात्रा का वादा किया था. इसके लिए 11 जून को फ्री बस योजना की शुरुआत कर दी गई. इसकी शुरुआत करने के लिए एक जगह विधायक रूपकला पहुंचीं. वह बस की स्टेयरिंग पर सवार हो गईं. वह बस को गियर बदलकर आगे ले जाना चाहती थीं, लेकिन हड़बड़ी में उन्होंने बैक गियर डाल दिया. इससे बस पीछे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से टकरा गई. इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पास में खड़ा बस ड्राइवर तुरंत स्टियरिंग हाथ में लेकर स्थिति को संभालता हुआ नजर आ रहा है.

