महादान: 2.50 लाख ग्राम पंचायतों में 14 को रक्तदान अमृत महोत्सव, दो लाख से ज्यादा यूनिट रक्त जमा करने का लक्ष्य
आगामी 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर देश की 2.50 लाख ग्राम पंचायतों में रक्तदान अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। राज्यों को लिखे पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि ग्रामीणों को रक्तदान के बारे में जानकारी देते हुए उनके सरपंच शपथ दिलाएंगें। इस दिवस को एक महोत्सव के रूप में मनाने के लिए रक्तदाताओं के ज्यादा से ज्यादा पंजीयन कराने का लक्ष्य दिया है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस साल विश्व रक्तदाता दिवस पर रिकॉर्ड रक्त एकत्रित करने की तैयारी है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान में रक्त की मांग और आपूर्ति के बीच बहुत बड़ा अंतर है। साल 2021 में रक्त की मांग करीब 1.46 करोड़ यूनिट रही लेकिन आपूर्ति 1.25 करोड़ यूनिट रही। 2018 में स्वास्थ्य मंत्रालय ने विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से भारत में रक्त की आवश्यकता पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की। 2020 में 1.27 करोड़ यूनिट रक्तदान में एकत्रित किया गया लेकिन कोरोना महामारी के चलते रक्तदान में काफी गिरावट आई।
यहां दान कर सकते हैं रक्त, जरूरत पर मिलेगा भी
रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने ई-रक्तकोष भी शुरू किया है। अगर आप रक्तदान करना चाहते हैं तो इस ऑनलाइन प्लेटफार्म आप अपनी जानकारी दे सकते हैं। नजदीकी ब्लड बैंक के बारे में आपको सूचित किया जाएगा और आपके फोन पर वहां के कर्मचारी संपर्क भी करेंगे। अगर किसी मरीज के लिए रक्त की तलाश कर रहे हैं तो भी इस मंच पर जाकर उसकी उपलब्धता, रक्त बैंक का हेल्पलाइन नंबर प्राप्त कर सकते हैं।

